अंबेडकरनगर। डेंगू के लगातार बढ़ते प्रकोप के बीच गुरुवार का दिन राहत भरा रहा। गुरुवार को डेंगू से प्रभावित मात्र एक मरीज सामने आया। ऐसे में जिले में डेंगू से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़कर 99 हो गई।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से जिले में डेंगू तेजी से पांव पसार रहा था। बुधवार को जिले में डेंगू से प्रभावित मरीजों की संख्या 98 तक पहुंच गई थी। डेंगू के बढ़ते प्रकोप पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान भी चला रहा था। इसी का नतीजा रहा कि गुरुवार को डेंगू से जिले को काफी राहत मिली। मात्र एक मरीज ही सामने आया।
उधर सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि डेंगू पर पूरी तरह से अंकुश पाने के लिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। यदि तनिक भी लक्षण दिखाई दे तो लापरवाही न करें बल्कि तत्काल चिकित्सक को दिखाएं।