अंबेडकरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर विभिन्न पदों के लिए 17 व 18 अप्रैल को होने वाले नामांकन को देखते हुए दावेदारों की ओर से अदेय प्रमाणपत्र व चरित्र प्रमाणपत्र बनवाए जाने का कार्य तेज कर दिया गया है। जिला पंचायत कार्यालय व पुलिस लाइन स्थित कार्यालय पर सुबह से ही दावेदारों व उनके प्रतिनिधियों का प्रमाणपत्र बनवाने के लिए पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है, जो अपराह्न तक जारी रहता है। मंगलवार को भी प्रमाणपत्र बनवाने के लिए दावेदारों व उनके प्रतिनिधियों की भीड़ जुट रही।
जैसे-जैसे नामांकन की तारीख निकट आती जा रही है, वैसे-वैसे दावेदारों द्वारा अदेय व चरित्र प्रमाणपत्र बनवाने का कार्य तेज कर दिया गया है। अदेय प्रमाणपत्र जिला पंचायत कार्यालय, जबकि चरित्र प्रमाणपत्र पुलिस लाइन स्थित कार्यालय में बनाया जा रहा है। संबंधित प्रमाणपत्र के लिए सुबह से दावेदारों व उनके प्रतिनिधियों का संबंधित कार्यालय पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है।
प्रमाणपत्रों को बनवाने के लिए मंगलवार को भी दावेदारों व उनके प्रतिनिधियों का संबंधित कार्यालयों पर जमावड़ा रहा। चरित्र प्रमाणपत्र के लिए पुलिस लाइन स्थित कार्यालय मिले ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि राजेश कुमार ने कहा कि वैसे तो नामांकन के लिए चरित्र प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद भी बनवा ले रहे हैं। कहीं ऐसा न हो कि जब नामांकन करना हो, तो उस समय चरित्र प्रमाणपत्र मांग लिया जाए।
जिला पंचायत कार्यालय में अदेय प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए पहुंचे बीडीसी के प्रतिनिधि मोहम्मद अख्तर व सुनील कुमार ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि दो दिन से वे चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक प्रमाणपत्र नहीं मिल सका है। उधर एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि सुचारु रूप से अदेय प्रमाणपत्र बनने का कार्य चल रहा है। किसी भी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई है।