अंबेडकरनगर। राज्य परिवहन निगम का अकबरपुर डिपो चालक व परिचालकों के संकट से जूझ रहा है। डिपो में बसों की संख्या तो बढ़ रही हैं, लेकिन मैनपॉवर नहीं बढ़ रही है। इसके चलते निर्धारित 450 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद चालकों व परिचालकों को आराम का मौका नहीं मिल पा रहा है। इसे लेकर उनमें नाराजगी है।
अकबरपुर डिपो में इन दिनों 59 बसों का संचालन हो रहा है। इसके लिए नियमित व संविदा पर कुल 140 चालक व 120 परिचालकों की तैनाती है। नियमानुसार 450 किलोमीटर की यात्रा करने वाले चालकों व परिचालकों को अगले दिन आराम का मौका दिया जाता है। हालांकि अकबरपुर डिपो में मैनपॉवर के संकट के चलते इन चालकों व परिचालकों को अगले दिन यह सुविधा मिलने में दिक्कत आ रही है।
इससे उनकी कार्यक्षमता पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कई बार उन्हें साप्ताहिक अवकाश भी नहीं मिल पाता है। विभाग के मुताबिक, यदि 25 चालक व 25 परिचालक की तैनाती हो जाती है तो यह संकट दूर हो सकता है। इससे नियमित रूप से सभी बसों का संचालन हो सकेगा और चालकों व परिचालकों को ओवरटाइम ड्यूटी से निजात मिल सकती है। कई बार लगातार ड्यूटी करने के चलते हादसे का भी खतरा रहता है।
संविदा पर हो रही चालकों की भर्ती
अकबरपुर डिपो में संविदा पर चालकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। प्रत्येक बृहस्पतिवार को साक्षात्कार के जरिये भर्ती की जाती है। 40 आयु वर्ग के युवा जिनके पास भारी वाहन चलाने का दो वर्ष का लाइसेंस, पांच फिट तीन इंच की लंबाई, हाईस्कूल तक की शैक्षिक योग्यता, आधारकार्ड, बैंक पासबुक के साथ संपर्क कर सकते हैं। उन्हें परिवहन निगम द्वारा निर्धारित मानदेय का लाभ दिया जाएगा।
जल्द मिलेंगे 10 चालक
अकबरपुर डिपो में चालक व परिचालकों का संकट है। इसका पत्र क्षेत्रीय प्रबंधक अयोध्या को भेजा गया है। फिलहाल संविदा पर 10 चालकों की ट्रेनिंग चल रही है। जल्द ही वह डिपो को मिल जाएंगे। - सीबी राम एआरएम, अकबरपुर