जिला मुख्यालय पर शनिवार देर शाम एक व्यवसायी से दो लाख 65 हजार रुपये से भरा बैग उचक्कों ने पार कर दिया। बैग गायब होने की जानकारी होने पर व्यापारी ने खोजबीन की लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में रविवार को पीड़ित ने थाने पहुंचकर केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
कानपुर के रमेश गुप्ता प्लास्टिक पाइप का कारोबार करते हैं। इसके लिए वे शनिवार को अंबेडकरनगर जनपद वसूली के लिए आए हुए थे। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दो लाख 65 हजार रुपये की वसूली करने के बाद वह देर शाम अकबरपुर रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग के निकट स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पी रहे थे। रुपये से भरा बैग उन्होंने अपने बगल में रखा हुआ था।
इसी बीच किसी ने बैग पार कर दिया। चाय पीने के बाद जब उन्होंने बैग की तरफ देखा तो वह नदारद मिला। उन्होंने आसपास काफी तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली।
व्यापारी रमेश के अनुसार घटना से वह सदमे में आ गया था। इसलिए किसी को जानकारी नहीं दी। रविवार को उसने स्थानीय व्यापारियों के संज्ञान में मामला लाया।
इसके बाद वे सभी चाय की दुकान के बगल स्थित एक होटल गए और वहां सीसीटीवी फुटेज देखा। उसमें पाया गया कि बाइक सवार दो युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया है। इसके बाद रविवार शाम व्यापारी नेता अमित बंका के साथ रमेश गुप्ता ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
एसओ महेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है। बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल के निकट स्थित होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद ली जाएगी।