ससुराल में शनिवार रात आयोजित भोज में गए एक युवक की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में लाश पड़ी मिली। नहर में पानी नहीं था। ऐसे में ये माना जा रहा है कि बाइक समेत गिरने से युवक की मौत हुई मगर मामले में हत्या की भी चर्चा है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर तफ्तीश की जाएगी।
हंसवर थाना क्षेत्र के मईपुर लगड़ी पृथ्वीपुर गांव निवासी रविभूषण की ससुराल जलालपुर के फत्तेपुर मोहिबपुर गांव में है। शनिवार सायं ससुराल में भोज था। रविभूषण भी भोज में शामिल होने ससुराल गया था। बताया जाता है कि भोजन के बाद वह रात करीब नौ बजे घर जाने के लिए बाइक से निकला था मगर वहां नहीं पहुंचा।
रविवार सुबह कर्बला कासिमपुर के पास से गुजरी शारदा सहायक नहर में रविभूषण की लाश पड़ी मिली। बाइक भी वहीं पड़ी थी। नहर में पानी नहीं था। ग्रामीणों ने लाश पड़ी देख पुलिस को खबर दी।
देखते ही देखते वहां भीड़ लग गई। घटनास्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर ही रविभूषण की ससुराल है। जहां के कुछ ग्रामीण उधर से गुजरे तो उन्होंने रविभूषण के शव की शिनाख्त की। जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविभूषण के शरीर पर चोटों के निशान देख ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं, पुलिस का मानना है कि तेज रफ्तार बाइक सूखी नहर में गिरने से रविभूषण की मौत हुई है मगर अन्य पहलुओं पर भी छानबीन की जाएगी। एसओ का कहना है कि परिवारीजनों ने अभी कोई तहरीर भी नहीं दी है।