अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती घायल।
- फोटो : अमर उजाला
महरुआ थाना अंतर्गत नशेड़ी गांव में मंगलवार सुबह मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्ष के कुल छह लोग घायल हो गए। बाद में दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासी सत्यनरायन व लल्लन यादव के बीच लंबे समय से जलनिकासी को लेकर विवाद चला आ रहा है। मंगलवार सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष इसे लेकर आमने-सामने आ गए। पहले तो कहासुनी हुई। इसके बाद लाठी-डंडे चलने लगे। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर समझा बुझाकर मामला शांत कराया। मारपीट में एक पक्ष के सत्यनरायन (52) पुत्र लक्ष्मण यादव, रामउजागिर (54) पुत्र छोटेलाल, शारदा देवी (50) पत्नी बिजरू यादव व सीता (21) पुत्री रामबहार, जबकि दूसरे पक्ष के लल्लन यादव (50) व इंद्रजीत (32) घायल हो गए।
बाद में सभी घायलों ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ अरशद सिद्दीकी ने बताया कि घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज छानबीन की जा रही है।