थाना क्षेत्र इब्राहिमपुर अंतर्गत गांव में मां की डांट से क्षुब्ध होकर रविवार सुबह एक किशोरी ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। उसे सीएचसी टांडा से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, हंसवर थाना क्षेत्र में भी एक युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया।
परिवारीजनों के अनुसार इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत गांव निवासिनी किशोरी ने रविवार सुबह विषाक्त पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसे उल्टी व पेट में तेज दर्द होने लगा। परिवारीजनों ने पहले उसे सामान्य ढंग से लेते हुए स्थानीय स्तर पर इलाज कराया लेकिन तबियत और बिगड़ गई। किशोरी ने जब विषाक्त पदार्थ खाने की जानकारी दी तो परिवारीजन में रोना-पीटना मच गया।
उसे आननफानन में सीएचसी टांडा ले गए, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों के अनुसार रविवार सुबह उसकी मां ने किसी बात को लेकर डांट दिया था। इसी से क्षुब्ध होकर उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया। इस बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। उधर, हंसवर थाना अंतर्गत हंसवर निवासी राजेश (22) पुत्र सुनील शनिवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। देर रात उसे उल्टी व पेट में दर्द होने लगा। लगातार तबियत बिगड़ने पर जब उसने विषाक्त पदार्थ खाने की जानकारी दी तो परिवारीजनों उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।