अहिरौली थाना अंतर्गत तिवारीपुर गांव निवासी राज कुमार मिश्र पुत्र राम कृपाल मिश्र एक ब्रांडेड नमकीन व टॉफी कंपनी के सेल्समैन हैं। राज कुमार प्रतिदिन की तरह घर से मंगलवार सुबह पिकअप वाहन से नमकीन व टॉफी की डिलेवरी व बकाया वसूली करने को निकला।
मिझौड़ा, आनापुर, सेनपुर व भीटी बाजार में सप्लाई करते हुए वह महरुआ कस्बा की ओर गया। वह पिकअप खुद चला रहा थे। भीटी महरुआ मार्ग स्थित कन्या इंटर कालेज के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक करते हुए कुछ दूर आगे जाकर रोक लिया। राज कुमार मिश्र कुछ समझ पाते।
इससे पूर्व बाइक से उतर कर एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर असलहा सटा दिया और दूसरे बदमाश ने रुपये से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। सेल्समैन राज कुमार के विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई की। वाहन की चाभी छीनने के साथ ही बदमाशों ने रुपये से भरा बैग भी छीन लिया।
इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग खड़े हुए। दिनदहाड़े इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित की सूचना पर एसओ सोमेश्वर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। बदमाशों की धड़पकड़ के लिए घेराबंदी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पीड़ित ने केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
इसमें 12 हजार रुपये के साथ बैंक पासबुक व कुछ अन्य कागजात बदमाशों द्वारा पार किए जाने की बात कही गई। एसओ श्री सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। दिनदहाड़े हुई घटना से लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी व्याप्त है।
उनका कहना है कि पुलिस अपराध पर नियंत्रण पाने को लेकर पूरी विफल साबित हो रही है। पूर्व में हुई आपराधिक वारदातों का यदि पर्दाफाश किया गया होता, तो शायद इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश पाया जा सकता। पुलिस की लापरवाही के चलते ही अपराधी धड़ल्ले से आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।