पुलिस ने आठ वांछित बदमाशों की गिरफ्तारी पर ढाई-ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। माफिया खान मुबारक व माफिया अजय सिपाही गैंग से जुड़े इन बदमाशों पर पुलिस पहले ही गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई कर चुकी है। इनाम घोषित करने के साथ ही पुलिस ने फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
जनपद में सक्रिय अपराधियों पर कुछ समय से पुलिस ने कार्रवाई तेज की है। इस क्रम में माफिया सरगना खान मुबारक व माफिया अजय सिंह उर्फ अजय सिपाही के विरुद्ध बीते दिनों कड़ी कार्रवाई की गई थी। दोनों जेल में हैं। दोनों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन ने उनके गुर्गों की धरपकड़ का अभियान शुरू किया।
ऐसे लोगों को भी चिंहित किया जा रहा है, जो किसी भी तरह से उनका संरक्षण दे रहे हैं। उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की तैयारी है। दोनों माफिया गैंग के कई सदस्यों के ऊपर चंद दिन पहले ही गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। रविवार को एसपी सुधीर सिंह ने दोनों गैंग के आठ वांछितों पर ढाई-ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
एसपी ने बताया कि खान मुबारक गैंग के शकील, अभिषेक सिंह, जैद, परवेज, यहिया व शशांक सिंह तथा अजय सिपाही गैंग के दो सदस्य सुल्तानपुर जनपद में दोस्तपुर निवासी मुलायम यादव व अजय कुमार की गिरफ्तारी पर ढाई-ढाई हजार का इनाम घोषित किया गया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए कोशिशें तेज की गई हैं। तीन टीमों का गठन कर फरार बदमाशों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाएगी।