थाना क्षेत्र बेवाना अंतर्गत एक गांव में किशोरी के साथ दुराचार का मामला सामने आया है। आरोपी युवक की परिवारीजनों ने जमकर पिटाई कर दी। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म का केस दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी है। इसके बाद पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। उधर, मामला अलग-अलग समुदाय का होने के चलते गांव में तनाव का माहौल है।
इसे देखते हुए एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस को दी गई तहरीर के जरिये पीड़िता के पिता ने कहा है कि शुक्रवार रात खाना खाने के बाद परिवार के ज्यादातर सदस्य घर के बाहर बरामदे में सोने चले गए। उसकी 16 वर्षीय पुत्री घर के अंदर सोने चली गई। देर रात्रि लगभग एक बजे अचानक घर के अंदर से उसकी बेटी के चीखने-चिल्लाने की आवाज आने लगी।
इस पर वे सभी दरवाजा खोलकर अंदर गए और आरोपी युवक को दबोच लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इससे पहले कि आरोपी को घर के बाहर ले जाया जाता, वह हाथ छुड़ाते हुए दीवार कूदकर भाग खड़ा हुआ। किशोरी ने बाद में अपने साथ दुराचार होने की बात बताई। घटना की जानकारी होने पर कुछ देर में ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
मामला दो समुदाय का होने के चलते गांव में तनाव फैल गया। इस बीच सूचना मिलने पर एसओ दलबल के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने परिवारीजनों व ग्रामीणों को समझा-बुझाकर तथा आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। शनिवार सुबह किशोरी का पिता पीड़िता को लेकर थाने पहुंचा और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर बेवाना थाना अंतर्गत बेवाना गांव निवासी विनय कुमार जायसवाल के विरुद्ध दुराचार समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर पीड़ित किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। उधर, गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। सीओ राघवेंद्र मिश्र ने बताया कि केस दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।