पुलिसिया उत्पीड़न से ग्रामीण की मौत होने का आरोप लगाते हुए जैतपुर थाना अंतर्गत मुंडेहरा गांव के ग्रामीणों ने बाजार में शव रखकर मार्ग जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस द्वारा मृतक का उसकी पुत्री की हत्या के मामले में लंबे समय से उत्पीड़न किया जा रहा था।
पूछताछ के नाम पर उसे बार बार थाने बुलाकर विभिन्न प्रकार से प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी के चलते मंगलवार दोपहर उसकी हृदय गति रुक जाने से मौत हो गई। जाम की सूचना मिलने पर जैतपुर एसओ दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों ने लाठी डंडा लेकर पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया।
इस पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में एसडीएम व सीओ ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। समाचार प्रेषण तक ग्रामीणों ने जाम लगा रखा था।
बीते 17 फरवरी को जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडेहरा गांव निवासी बैतुल्लाह की पुत्री उमेरा की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह घर के बरामदे में सो रही थी।
बताया जाता है कि बदमाश बैतुल्लाह को मारने आए थे, लेकिन धोखे से उसकी पुत्री की हत्या कर दी थी। बाद में पुलिस ने बैतुल्लाह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। इस बीच मंगलवार दोपहर अचानक बैतुल्लाह की हृदय गति रुक जाने से मौत हो गई।
इस पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने पुलिस पर हत्या मामले में बैतुल्लाह का लगातार उत्पीडन किए जाने व पूछताछ के नाम पर बार बार थाने बुलाकर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया। इसके बाद एकजुट हुए ग्रामीण मुंडेहरा बाजार पहुंचे और यहां शव रखकर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना मिलने पर एसओ जैतपुर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। उन्होंने लाठी डंडा लेकर पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। इस पर पुलिस को अपने कदम पीछे हटाने पड़े। कुछ देर बाद ही जैतपुर थाने की पुलिस के साथ साथ जलालपुर, मालीपुर व सम्मनपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
ग्रामीण बार बार दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस बीच एसडीएम विवेक मिश्र व सीओ ओंकार सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, मगर वह मानने को तैयार नहीं हुए। समाचार लिखे जाने तक दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध केस दर्ज करने की कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों का जाम प्रदर्शन जारी रहा।