आभूषण देखने के बहाने के सराफा दुकान पर पहुंचे बदमाशों ने असलहे के बल पर लगभग ढाई लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। इसके बाद हवाई फायरिंग करते हुए बाइक से भाग निकले। फायरिंग से बाजार में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की लेकिन सफलता नहीं मिली।
सीओ आलापुर ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और दुकानदार के अलावा स्थानीय लोगों से पूछताछ की। बाद में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। मालीपुर थाना अंतर्गत धवरुआ बाजार निवासी पवन पुत्र महादेव जायसवाल की बाजार में ही सराफा की दुकान है।
शनिवार दोपहर बाद वह दुकान में बैठी कुछ महिलाओं को आभूषण दिखा रहा था। इसी बीच एक बाइक पर सवार दो युवक दुकान के सामने आकर रुके। कुछ देर बाद दोनों दुकान के अंदर पहुंचे और सोने के आभूषण दिखाने को कहा। पवन के अनुसार उसने सोने के हार, चेन व अंगूठी निकाली।
इसी बीच एक बदमाश ने असलहा निकाल लिया जबकि दूसरा काउंटर पर रखे आभूषणों को समेटना शुरू कर दिया। उसने इसका विरोध किया तो बदमाश ने गोली मारने की धमकी देते हुए उसकी तरफ असलहा तान दिया। यह देख वहां बैठी एक महिला बेहोश हो गई।
इसके बाद दोनों बदमाश आभूषण लेकर बाहर गए और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करते हुए दोस्तपुर मार्ग की तरफ बाइक से भाग निकले। दिनदहाड़े हुई लूट व फायरिंग की घटना से बाजार में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
जानकारी होने पर एसओ मालीपुर चंद्रभान यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार बदमाश लगभग ढाई लाख रुपये के आभूषण लूट ले गए। बाद में सीओ आलापुर राजेंद्र सिंह ने भी घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया। उधर दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना से बाजार वासियों में पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश फैल गया।
उनका कहना था कि आपराधिक वारदातों के प्रति पुलिस प्रशासन के लापरवाह रवैये के चलते ही बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। कहा गया कि पूर्व में हुई चोरी व लूट की ज्यादातर वारदातों का पुलिस पर्दाफाश नहीं कर सकी है। उन्होंने घटना का अविलंब पर्दाफाश किए जाने की मांग की।