क्षेत्र के इटौरी खुर्द गांव में गुरुवार को भूमि विवाद में एक वृद्धा की कुछ लोगों ने लाठी डंडे व बल्लम से हमलाकर हत्या कर दी। महिला के परिवारीजनों को बचाने दौड़े तो हमलावर उन्हें धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है। घटना से गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
इटौरी खुर्द गांव निवासी कपिलदेव मिश्र व अवधेश मिश्र के बीच एक भूखण्ड को लेकर विवाद चल रहा है। इस मसले पर कई बार दोनों पक्ष आमने सामने हो चुके हैं। गुरुवार को एक बार फिर भिड़ंत हो गई। बताया गया है कि गुरुवार सुबह कपिलदेव मिश्र की पत्नी शुभावती (62) घर के सामने गाय बांध रही थी।
इसी बीच अवधेश की पत्नी विजय लक्ष्मी वहां पहुंची और गाय बांधने के स्थान को लेकर विरोध करने लगी। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि अवधेश व उसके पुत्र सुशील कुमार और नंदलाल लाठी डंडा व बल्लम लेकर आ धमके और शुभावती की पिटाई कर दी। चीख-पुकार सुनकर कपिलदेव व अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो शुभावती को घायल हालत में जमीन पर गिरा पाया।
अवधेश व उसके परिवारीजन डंडे व बल्लम से हमला कर रहे थे। कपिलदेव ने बचाने का प्रयास किया तो हमलावर जान माल की धमकी देते हुए भाग निकले। परिवार के लोग गंभीर हालात में शुभावती को सीएचसी जहांगीरगंज ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में रोना पीटना मच गया। सूचना मिलने पर राजेसुल्तानपुर एसओ विजय सिंह मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस घटना से गांव में तनाव की स्थिति है। सीओ कमल सिंह यादव ने भी गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया और एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती की। एसओ ने बताया कि महिला के पति कपिलदेव की तहरीर पर अवधेश, उसकी पत्नी विजयलक्ष्मी व दोनों पुत्र सुशील और नंदलाल के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।