नर्स की चाकू से गोदकर हत्या मामले में पुलिस ने खैरुन्निशा नर्सिंग होम के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले नर्स के पिता की तहरीर पर वार्ड बॉय के खिलाफ हत्या और उसे घटना के लिए उकसाने का मैनेजर के विरुद्ध केस दर्ज किया। उधर युवती की हत्या के बाद खुद को चाकू मारकर जान देने की कोशिश करने वाले वार्ड बॉय को ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ भेज दिया गया।
टांडा के सकरावल स्थित खैरुन्निशा नर्सिंग होम में नर्स पूजा उर्फ मोनी की शनिवार को चाकू मारकर वार्ड बॉय साहबे आलम ने हत्या कर दी थी। इसके बाद साहबे ने चाकू से हमलाकर जान देने की कोशिश की। इस घटना के बाद हरकत में आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नर्सिंग होम के संचालन में गड़बड़ी मिलने पर उसे सीज कर दिया। पुलिस ने मैनेजर मोहम्मद मक्की को हिरासत में ले लिया।
डीएम के निर्देश पर शनिवार रात ही पूजा के शव का पोस्टमार्टम हुआ और सरयू तट पर कड़ी सुरक्षा में अंतिम संस्कार भी करा दिया गया। घटना के संबंध में युवती के पिता राधेश्याम निवासी सकरावल ने टांडा कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। तहरीर में कहा कि उसकी पुत्री को वार्ड बॉय साहबे आलम परेशान करता था। इसकी शिकायत मैनेजर से की तो उसने बार्ड बॉय का ही साथ दिया। मैनेजर की साजिश पर आलम ने उसकी पुत्री की हत्या कर दी।
पुलिस ने वार्ड बॉय साहबे आलम पर हत्या व अस्पताल मैनेजर मोहम्मद मक्की के विरुद्ध आरोपी को उकसाने का केस दर्ज कर किया है। इसके साथ ही पुलिस ने मैनेजर मोहम्मद मक्की गिरफ्तार कर लिया। उधर युवती की हत्या के बाद चाकू से जान लेने की कोशिश में गंभी रूप से घायल वार्ड बॉय को शनिवार रात लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। एसपी सुधीर सिंह के मुताबिक केस दर्ज कर नर्सिंग होम मैनेजर मोहम्मद मक्की को गिरफ्तार किया गया है।