नगर क्षेत्र अकबरपुर में अवैध रूप से संचालित हो रहे बूचड़खानों व दुकानों को बंद कराने के लिए रविवार को एक बार फिर छापेमारी अभियान चला। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने दल-बल के साथ अब्दुल्लापुर मोहल्ला में चल रहे बूचड़खाने पर छापा मारा। यहां नौ बूचड़खाने व एक दुकान को सील कर दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस प्रशासन के हाथ कोई आपत्तिजनक सामग्री हाथ नहीं लगी। प्रदेश की सत्ता में आने के बाद से ही मुख्यमंत्री महंत आदित्यनाथ के सख्त निर्देश के बाद अवैध ढंग से संचालित बूचड़खाने बंद कराने का कार्य चल रहा है। जिले में भी जगह-जगह पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी छापेमारी कर बूचड़खानों को सील कर रहे हैं।
बीते दिनों ही अकबरपुर नगर के पेवाड़ा मोहल्ला में छापेमारी कर बिना लाइसेंसी नौ बूचड़खानों व दुकानों को सील किया गया था। इसके अलावा टांडा, बसखारी व जलालपुर में भी छापेमारी कर अवैध बूचड़खानों को सील किया गया।
इस बीच रविवार को एसडीएम सदर विवेक मिश्र व सीओ सदर राघवेंद्र मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर के अब्दुल्लापुर में छापेमारी की। यहां लंबे समय से बिना लाइसेंस के बूचड़खाने का संचालन धड़ल्ले से किया जा रहा था।
इसकी कई बार शिकायत भी संबंधित अधिकारियों से की गई लेकिन कभी कार्रवाई को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई। पुलिस की छापेमारी से मौके पर हड़कंप मच गया। यहां नौ ऐसे बूचड़खानों व एक दुकान को सील कर दिया गया जो बिना लाइसेंस के संचालित किए जा रहे थे। इनमें दो बड़े बूचड़खाने शामिल रहे।
सीओ राघवेंद्र मिश्र ने बताया कि छापेमारी के दौरान किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। सभी नौ बूचड़खानों व एक दुकान को सील कर दिया गया है। कहा कि आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
यदि किसी ने अवैध ढंग से बूचड़खाना संचालित करने का प्रयास किया तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान अधिशाषी अधिकारी अकबरपुर नगर पालिका परिषद संगीता कुमारी, अकबरपुर कोतवाल रामलखन सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।