फैजाबाद जेल में बंद माफिया खान मुबारक को बरेली सेंट्रल जेल में शिफ्ट करने का निर्णय शासन ने लिया है। सूत्रों के मुताबिक अगले दो दिन के भीतर उसे फैजाबाद से बरेली जेल भेजे जाने की संभावना है।
बताते चलें कि बीते दिनों एक के बाद एक माफिया खान मुबारक के दो वीडियो वायरल हुए थे। एक वीडियो में खान द्वारा एक व्यवसायी को प्रताड़ित करते दिखाया गया था, तो दूसरे में फैजाबाद जेल से ही खाकी व खादी को धमकी दी गई थी।
इसके बाद से ही उसे फैजाबाद जेल से दूर किसी जेल में शिफ्ट किए जाने की कवायद पुलिस प्रशासन ने शुरू कर दी थी। इससे लिए बीते दिनों जिला मजिस्ट्रेट विवेक ने शासन को संस्तुति भेजी थी। माफिया को बरेली जेल में रखने का निर्णय हुआ। बुधवार को यह निर्णय निर्गत हो जाएगा।
पुलिस अधीक्षक पंकज ने खान मुबारक को फैजाबाद जेल से शिफ्ट करने की पुष्टि की है। सूत्रों के मुताबिक खान मुबारक को बरेली जेल भेजा जाएगा।