शादी के नाम पर युवती से नाजयाज संबंध बनाकर उसका अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने, विवाह से मुकरने के मामले में एएसपी के निर्देश पर टांडा कोतवाली में महिला समेत चार लोगाें खिलाफ केस दर्ज किया गया। आरोपी महाराजगंज जिले के थाना श्याम देवरुआ निवासी हैं। पुलिस ने मामले में दुराचार, दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में मामला पंजीकृत किया है।
जलालपुर क्षेत्र की एक युवती की शादी वर्ष 2016 में मोहम्मद नदीम निवासी परतावल बाजार थाना श्याम देवरुआ जिला महाराजगंज के साथ तय हुई थी। मंगनी के समय ही 60 हजार रुपए का सामान आदि लड़की के घर वालों ने दिया था। उस समय तय हुआ था कि नदीम सऊदी अरब जा रहा है। लौटने के बाद शादी होगी। इस बीच नदीम और युवती से फोन पर बात भी होने लगी। गत 14 अगस्त को नदीम टांडा नगर स्थित युवती की बहन के घर आया, जहां युवती भी मौजूद थी।
आरोप के मुताबिक नदीम ने टांडा में उससे संबंध बनाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसकी किसी को जानकारी नहीं थी। इस बीच और दहेज की मांग की जाने लगी। गत 19 दिसंबर को उसने वीडियो सार्वजनिक कर दिया। इसके बाद आरोपी ने दूसरी युवती के साथ विवाह भी कर लिया। जानकारी होने पर युवती के परिवारीजनों ने नदीम के परिवारीजनों से बात करना चाहा तो वह लोग भी शादी से मुकर गए।
टांडा पुलिस ने पहले मामले में दिलचस्पी नहीं दिखाई। मामला एएसपी ओपी सिंह तक पहुंचा तो उन्होंने पुलिस को मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया। निर्देश के बाद पुलिस ने एक महिला व नदीम समेत चार लोगाें पर केस दर्ज किया है।