थाना क्षेत्र अंतर्गत ऐनवां गांव के निकट बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों ने दिनदहाड़े असलहे के बल पर एक ग्रामीण से बाइक छीन ली। विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की। इसके बाद हवाई फायरिंग व धमकी देते हुए वहां से भाग खड़े हुए। इससे आसपास के लोगों में दहशत मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। ऐनवां गांव निवासी दिग्विजय यादव बुधवार दोपहर बाइक से बसखारी से घर लौट रहा था। सुबह ही वह एक निजी काम से बसखारी के लिए निकला था।
बताया जाता है कि दोपहर बाद जब वह अपने गांव के निकट पहुंचा तो इसी बीच पीछे से ओवरटेक करते हुए एक बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उसे रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता बदमाशों ने उसकी बाइक छीनने का प्रयास शुरू कर दिया।
जब दिग्विजय ने इसका विरोध किया तो एक बदमाश ने उसकी तरफ तमंचा तान दिया व हवाई फायरिंग कर दी, इससे आसपास के लोगों में दहशत मच गई। इसी बीच दूसरे बदमाश ने उसकी पिटाई शुरू करते हुए पटक दिया।
चीख-पुकार पर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचते, बदमाश दिग्विजय की बाइक लेकर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। कुछ युवकों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। भागने से पहले बदमाशों ने दो चक्र हवाई फायरिंग भी की।
इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी का प्रयास किया लेकिन पुलिस को भी सफलता नहीं मिली। बाद में पीड़ित ने थाने में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दे दी। एसओ बेचूसिंह यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। फायरिंग करने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।