क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक पहितीपुर से रकम निकालकर साइकिल से घर जा रहे दिव्यांग की बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों ने पिटाई कर 25 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए अकबरपुर की तरफ भाग गए। सूचना पर महरुआ व अकबरपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी की लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच एएसपी राहुलराज ने भी घटनास्थल पर पहुंच आवश्यक जानकारी प्राप्त की। पीड़ित रिटायर्ड होमगार्ड ने महरुआ थाने में घटना की तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र महरुआ अंतर्गत आदमपुर तिंदौली ग्रामसभा के मजरा रघुनाथपुर तेलियागंज निवासी सेवानिवृत्त दिव्यांग रिटायर्ड होगमार्ड मथुरा प्रसाद (62) पुत्र रत्तीपाल शुक्रवार दोपहर साइकिल से अकबरपुर थाना अंतर्गत पहितीपुर बाजार स्थित क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक पहुंचे। बैंक से 25 हजार रुपये निकालकर वह घर जाने लगे।
बैंक से लगभग आधा किमी आगे एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और उन्हें साइकिल से नीचे गिरा दिया। इससे पहले कि मथुरा प्रसाद कुछ समझ पाते दो बदमाश उनके पास पहुंच गए। एक बदमाश ने उन पर असलहा तान दिया जबकि दूसरा रुपया निकालने लगा। इस पर दिव्यांग ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी पिटाई कर दी।
इसके बाद बदमाश 25 हजार रुपये लूटकर गोली मार देने की धमकी देते हुए अकबरपुर की तरफ भाग खड़े हुए। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से मौके पर सनसनी फैल गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर जुट गए।
जानकारी मिलते ही महरुआ के प्रभारी एसओ रामहर्ष यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। इसी बीच अकबरपुर कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना स्थल हालांकि अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र था लेकिन नजदीकी मामला होने के चलते पीड़ित ने केस दर्ज करने के लिए महरुआ थाने में तहरीर दी। जानकारी होने पर एएसपी राहुलराज ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और पीड़ित तथा आसपास मौजूद लोगों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
साथ ही पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचकर छानबीन की। चूंकि लूट अकबरपुर थाना क्षेत्र में हुई थी, इसलिए एएसपी ने मामले की प्राथमिकी अकबरपुर में दर्ज किए जाने का निर्देश दिया। एएसपी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कराकर बदमाशों की धर-पकड़ तय की जाएगी।