स्पेशल टॉस्क फोर्स ने सोमवार रात बेवाना थाना क्षेत्र के समसपुर गांव में छापामार एक व्यवसायी के घर में चल रही अवैध असलहों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। एसटीएफ ने मौके से फैक्ट्रीमेड पिस्टल, बंदूक व तमंचा, भारी मात्रा में कारतूस व असलहा बनाने के उपकरण समेत एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस की मानें तो व्यवसायी के घर में एक साल से यह गोरखधंधा चल रहा था। पूछताछ में आरोपी ने अपने कई साथियों के नाम कबूले हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। आरोपी के खिलाफ बेवाना थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के मुताबिक एसटीएफ और जनपद पुलिस मिलकर अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री के भंडाफोड़ का संयुक्त अभियान चला रही है। मुखबिर की सूचना पर सोमवार देर शाम लखनऊ से एसटीएफ बेवाना थाना पहुंची।
अफसरों की मानें तो समसपुरगांव में अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री चलाने की सूचना मिली थी। एसटीएफ ने बेवाना पुलिस को साथ लेकर समसपुर गांव निवासी व्यवसायी असलम के घर को चारों तरफ से घेर लिया। इससे पहले कि पुलिस घर में प्रवेश करती असलम पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास करने लगा।
पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। घर में चारों तरफ अवैध असलहा व उसे बनाने के उपकरण फैले हुए थे। कुछ असलहे बनकर तैयार थे तो कुछ अधूरे थे। घर में असलहा बनाने की मशीन मिली।
पुलिस ने मौके से दो बंदूक, एक देशी तमंचा 315 बोर, एक देशी तमंचा 12 बोर, एक पिस्टल 32 बोर, एक डबल बैरल बंदूक, 65 कारतूस का खोखा, 38 जिंदा कारतूस, 9 एसएलआर कारतूस, 9 एमएम के 9 कारतूस बरामद किए।
पुलिस ने मशीन व बरामद असलहों को जब्त कर लिया और पकड़े गए बदमाश असलम को थाने ले आई। पुलिस ने मंगलवार को बेवाना थाने में स्वॉट टीम प्रभारी संजय सिंह की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया।