गौरतलब है कि गुरुवार को दोपहर बाद बड़ेरिया गांव के निकट एक युवक ने बाइक से महिला को उतारकर गोली मार दी थी और इसके बाद भाग खड़ा हुआ था। महिला की पहचान किरन उपाध्याय (22) वर्ष पत्नी दिनकर उपाध्याय निवासी कटुई थाना सम्मनपुर के रूप में हुई थी। पुलिस ने मामले में उसके पति को हिरासत में ले लिया था।
दरअसल पुलिस की पूछताछ में उसकी भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। गौरतलब है कि घटना के बाद दिनकर ने ही अकबरपुर कोतवाली पहुंचकर अपनी पत्नी के गायब हो जाने की सूचना दी थी। दरअसल वह गांव से अपनी पत्नी का इलाज कराने के बहाने बाइक से लेकर निकला था।
इसके बाद एक रिश्तेदारी में ले चलने की बात कहकर बड़ेरिया ले जाकर हत्या कर दी थी। इस बीच पुलिस पूछताछ में दिनकर ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। इसमें उसने बताया कि एक युवती से उसका प्रेमप्रसंग चल रहा था। इसके चलते ही उसने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्यारे पति की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त असलहा भी बरामद कर लिया है।