कटेहरी ब्लॉक प्रमुख एवं फरार माफिया अजय सिपाही, शातिर बदमाश सैफ समेत 10 अपराधियों के विरुद्ध पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इससे पहले माफिया खान मुबारक व उसके आठ गुर्गों पर पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की थी। शातिर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है।
इसके तहत पुलिस ने मुंबई जेल में बंद इब्राहिमपुर क्षेत्र निवासी शातिर अपराधी सैफ व उसके तीन साथियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। सैफ को पुलिस ने टांडा के बहुचर्चित राममोहन गुप्त हत्याकांड में पकड़कर एक वर्ष पूर्व जेल भेजा था। उसे एक मामले में महाराष्ट्र पुलिस रिमांड पर ले गई थी।
बीते दिनों ही टांडा क्षेत्र के दो व्यापारी नेताओं हत्या की साजिश रचने में सैफ का नाम सामने आया था। दो शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया। सैफ पर शिकंजा कसने के लिए अब पुलिस ने उसके तीन गुर्गों पर भी गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
उधर महरुआ क्षेत्र में लोकनाथपुर का रहने वाला कटेहरी ब्लॉक प्रमुख एवं फरार माफिया अजय सिंह उर्फ अजय सिपाही और उसके पांच साथियों पर भी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट का केस दर्ज किया है। विधानसभा चुनाव के दौरान मारपीट व सड़क जाम करने के केस में अजय सिपाही व उसके साथी फरार चल रहे हैं।
गत दिवस ही पुलिस ने अजय के घर से संपत्ति कुर्क की थी। इससे पहले हंसवर क्षेत्र निवासी माफिया खान मुबारक व उसके आठ साथियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। एसपी सुधीर सिंह ने बताया कि अजय सिपाही समेत छह अपराधियों तथा सैफ समेत चार के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।