थाना क्षेत्र टांडा अंतर्गत एक गांव में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने में आया है। दुष्कर्म के बाद बाग में किशोरी को बेहोशी की दशा में छोड़कर आरोपी भाग निकले। होश में आने के बाद घर पहुंची पीड़िता ने परिवारीजनों को जानकारी दी। इस पर परिवारीजन उसे लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना से गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ व एसओ ने घटनास्थल का जायजा लिया। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गांव निवासिनी 13 वर्षीय किशोरी रविवार देर शाम नित्यक्रिया के लिए खेत की तरफ जा रही थी कि उससे पहले ही स्थित बाग में मौजूद दो युवकों ने उसे पकड़ लिया। किशोरी शोर न मचाने पाए, इसके लिए युवकों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद उसे खींचकर बाग के दूसरे छोर की तरफ ले गए। इसके बाद दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
किशोरी को बेहोश हाल में छोड़कर दोनों आरोपी वहां से भाग खड़े हुए। होश में आने के बाद पीड़िता ने गुहार मचाई तो आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। वहां पहुंची कुछ महिलाओं ने किसी प्रकार उसे घर पहुंचाया। किशोरी ने परिवारीजन को पूरे मामले की जानकारी दी।
इस पर परिवारीजन उसे लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। साथ ही केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ बेचूसिंह यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर अनुराग पुत्र राजबली व संदीप पुत्र रमेश निवासी अकूतपुर थाना टांडा के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज करने के साथ ही पास्को एक्ट भी लगाया गया है।
बताया कि किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उधर, घटना को लेकर गांव में तनाव व्याप्त हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सुधीर कुमार श्रीवास्तव व एसओ बेचूसिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।
इसके बाद गांव पहुंचकर उन्होंने परिवारीजनों व ग्रामीणों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित किए जाने की मांग की। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।