थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित एक खेत में धान की रोपाई को लेकर रविवार को दो पक्ष भिड़ गए। कहासुनी के बाद एक पक्ष की तरफ से कई चक्र हवाई फायरिंग की गई जिससे मौके पर दहशत फैल गई। जानकारी मिलते ही सीओ व एसओ ने घटना स्थल का जायजा लिया।
हवाई फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। रामनगर न्यौरी रोड स्थित नहर पटरी के किनारे एक भूखंड में रविवार को स्थानीय निवासी सिराज धान की रोपाई कर रहे थे। सिराज के अनुसार यह भूखंड उनका है और इस पर वह लंबे समय से खेती करते चले आ रहे हैं।
दूसरी तरफ स्थानीय निवासी आलमदार ने इस पर अपना कब्जा बताते हुए कहा कि सिराज द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रविवार सुबह विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की तरफ से उनके परिवारीजन एकत्र होने लगे। इसी बीच वहां हवाई फायरिंग शुरू हो गई।
एक-एक कर कई चक्र हवाई फायरिंग से मौके पर भगदड़ सी मच गई। अन्य ग्रामीणों ने किसी तरह मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। जानकारी मिलते ही सीओ आलापुर आरके सिंह व एसओ शिवनरायण भगत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने दोनों पक्षों व ग्रामीणों से विस्तृत जानकारी हासिल की। इसके बाद सिराज समेत दूसरे पक्ष को भी किसी आदेश तक संबंधित भूमि पर रोपाई आदि करने से मना कर दिया। बाद में सिराज के भाई नसीरुद्दीन की तहरीर पर पुलिस ने इजहार, बदरुल व अलमदार के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
उधर, अलमदार ने हवाई फायरिंग से इनकार करते हुए कहा कि झूठे आरोप लगाए गए हैं। एसओ भगत ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।