मालीपुर क्षेत्र के यादव का पूरा गांव में शुक्रवार दोपहर लगी आग से एक-एक करके तीन भाइयों के घर तबाह हो गए। उनमें रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद भी ग्रामीण आग को समय रहते काबू नहीं कर पाए। दमकल टीम ने आग बुझाई लेकिन तब तक घरों का सामान नष्ट हो चुका था। इस हादसे में करीब आठ की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
खालिसपुर भटौली ग्राम पंचायत के यादव का पूरा गांव निवासी कृष्ण कुमार यादव के मकान में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक आग की लपटें निकलनें लगीं। परिवारीजन उस समय कुछ दूर स्थित पशुशाला में थे। दो बच्चे घर में सो रहे थे। आग की लपटें देख परिवारीजन को दौड़कर घर के अंदर पहुंचे। दोनों बच्चे सुरक्षित थे। उन्हें बाहर ले आया गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग को काबू में करने का प्रयास किया लेकिन तब तक आग बगल में स्थित खुशीराम यादव के मकान तक पहुंच गई।
कुछ देर में ही आग ने हौसिला प्रसाद यादव के मकान को भी लपेटे में ले लिया। आग की भयावहता के आगे ग्रामीणों के सारे प्रयास विफल होते दिखे तो सामान बचाने की कोशिश की और अग्निशमन दल को सूचना दी। घरों से कुछ अनाज व कपड़े ही बचाए जा सके। घरों में रखा तमाम सामान आग में जलकर नष्ट हो गया।
ग्रामीणों की सूचना पर गांव पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी देर बाद आग पर काबू पाया। तब तक तीनों मकानों का ज्यादातर सामान जल चुका था। पीड़ित परिवारीजनों के मुताबिक तीनों घरों में आग से करीब आठ लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह पता नहीं चल सकी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तीनों प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। तीनों परिवारों के पास रहने के लिए कोई जगह तक नहीं बची। खाने के भी लाले पड़ गए हैं। एडीएम गिरिजेश त्यागी के मुताबिक पीड़ित परिवारों को आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जा रही है।