जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह दरगाह किछौछा
में एक मेडिकल स्टोर संचालक को स्थानीय नागरिकों ने पकड़ लिया। उस पर स्मैक
की बिक्री किए जाने का आरोप था। जानकारी मिलते ही तमाम लोग मौके पर एकत्र
हो गए। नशीला पदार्थ बेचने की जानकारी होने पर नागरिकों का गुस्सा भड़क
उठा।
उन्होंने श्रीमन नरायाण नाम के मेडिकल स्टोर संचालक की पिटाई शुरू कर
दी। लोगों ने पीट-पीट कर उसे मरणासन्न कर दिया। इसी बीच सूचना मिलने पर एसओ
बेचू सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मेडिकल स्टोर
संचालक को हिरासत में ले लिया।
एसओ ने बताया कि एक मेडिकल स्टोर संचालक
द्वारा नशीला पदार्थ बेचने की सूचना पर स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पिटाई
कर दी। मामले में छानबीन की जा रही है। बताया कि बीते लगभग एक वर्ष से वह
किछौछा दरगाह में मेडिकल स्टोर की दुकान का संचालन कर रहा था।
स्थानीय
लोगों का कहना है कि मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा अरसे से नशीले पदार्थ की
बिक्री की जा रही थी। मामले की शिकायत कई बार स्थानीय पुलिस से भी की गई,
लेकिन कभी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी का नतीजा रहा कि मेडिकल स्टोर
संचालक द्वारा धड़ल्ले से नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही थी।
स्थानीय
लोग कई दिनों से उस पर निगाह रखे हुए थे। रविवार दोपहर स्थानीय नागरिकों ने
उसकी दुकान पर धावा बोल दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। उधर आरोपी ने कहा
है कि उसके द्वारा ऐसा कुछ नहीं किया जा रहा था। आरोप मनगढ़ंत हैं।