बरामदे में सो रहे पूर्व प्रधान को सोमवार देर रात बदमाशों ने गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। परिवारीजनों ने आननफानन में पूर्व प्रधान को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।
हालत की गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने पौत्र की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। घटना के पीछे परिवार में ही भूमि विवाद का मामला सामने आ रहा है।
सम्मनपुर थाना के सिकरोहर गांव में पूर्व प्रधान रब्बूलाल (65) सोमवार देर शाम खाना खाने के बाद घर के बाहर बरामदे में सोने चले गए। देर रात लगभग एक बजे बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ दो फायर उन पर झोंक दिया।
एक गोली उनके बाएं हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली बाएं पसली में लगी। वारदात के बाद हमलावर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग खड़े हुए। सूचना के बाद एसओ दलबल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बाद में पुलिस ने घायल के पौत्र मनोज की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या के प्रयास समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। रात के सन्नाटे में गोली आवाज से गांव में अफरातफरी मच गई।
परिवारीजन घर के बाहर भागे, तो वहां खून से लथपथ पड़े रब्बूलाल को देख सन्न रह गए। इसी बीच बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए। आननफानन में गंभीरावस्था में बेहोश पूर्व प्रधान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
एसओ त्रिभुवन वर्मा ने बताया कि घटना के पीछे भूमि विवाद का मामला सामने आ रहा है। पूर्व प्रधान गांव के बाहर स्थित एक भूखंड बेचना चाहते हैं। उनका एक पुत्र भूमि बेचने के हक में है, जबकि दूसरा पुत्र इसका विरोध कर रहा है। लगभग सात माह पूर्व परिवारीजन में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।