ईंट भट्ठे पर काम करने वाले एक युवा मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। उसका शव बेवाना थाना क्षेत्र के मोमिनपुर गांव के निकट पड़ा पाया गया। परिवारीजनों ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज छानबीन शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र महरुआ अंतर्गत गोपीपुर गांव निवासी राकेश निषाद (26) पुत्र रामसिंगार सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कामतागंज गांव के निकट स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। वह प्रतिदिन साइकिल से गांव के ही सुरेश व निक्कू के साथ भट्ठे पर आता-जाता था। दोनों युवक भी उसी भट्ठे पर मजदूरी करते हैं।
प्रतिदिन की तरह सोमवार को भी वह गांव के दोनों युवकों के साथ साइकिल से मजदूरी करने भट्ठा गया हुआ था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों को चिंता सताने लगी। उन्होंने संबंधित भट्ठे पर फोन कर जानकारी हासिल की तो बताया गया कि वह यहां से जा चुका है। इस पर परिवारीजन सुरेश व निक्कू के घर गए तो वहां पता चला कि वह दोनों भी अभी घर नहीं पहुंचे हैं।
मंगलवार सुबह एक बार फिर से परिवारीजन दोनों युवकों के घर गए तो बताया गया कि दोनों मजदूरी के लिए सुबह ही भट्ठे पर चले गए। परिवारीजनों ने मंगलवार सुबह ग्रामीणों के साथ राकेश की तलाश शुरू कर दी।
कुछ देर बाद जानकारी मिली कि बेवाना थाना से लगभग डेढ़ किमी दूर मोमिनपुर गांव से पहले एक ट्यूबवेल के निकट एक युवक का शव पड़ा हुआ है। इस पर जब परिवारीजन वहां पहुंचे तो शव की पहचान राकेश के रूप में हुई। यह देख परिवारीजनों में रोना-पीटना मच गया। प्रथम दृष्टया ही मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। उसके गले पर काला निशान पड़ा हुआ था।
इससे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। इस बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में परिवारीजनों ने थाने पहुंचकर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ टीपी वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। अभी तहरीर नहीं मिली हैै।