अलीगंज थाना अंतर्गत सिंचाई कॉलोनी के पास बुधवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने असलहा सटाकर एक मोबाइल व्यवसायी से उसकी बाइक छीन ली। छीना झपटी में एक बदमाश का तमंचा घटनास्थल पर ही गिर पड़ा। सूचना पर टांडा कोतवाली व अलीगंज पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू कर दी है।
अनिल कपूर पुत्र रश्मिचंद्र कपूर निवासी हयातगंज थाना अलीगंज मोबाइल व्यवसायी है। वह मोबाइल के साथ उसके पार्ट्स की सप्लाई भी करता है। बुधवार रात्रि लगभग साढ़े सात बजे वह मोबाइल के सामान की सप्लाई कर बाइक से लौट रहा था। जब वह सिंचाई कॉलोनी के पास पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया।
इससे पहले कि अनिल कुछ समझ पाता एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर असलहा लगा दिया, जबकि दूसरे ने उसकी बाइक छीन ली। इसके बाद दो बदमाश टांडा नगर व एक बदमाश अकबरपुर की तरफ भाग निकले। इससे पहले छीना झपटी में एक बदमाश का तमंचा घटनास्थल पर ही गिर पड़ा।
इर्दगिर्द के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही टांडा कोतवाली व अलीगंज पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी शुरू कर दी।