फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला

Sun, 29 May 2016 11:54 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
अकबरपुर थाना क्षेत्र में रविवार को बदमाशों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस व बदमाशों के परिवारीजनों में होती हाथापाई। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बदमाशों को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर गोलबंद हुए लोगों ने हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से पुलिसकर्मियों की पिटाई की गई। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। मुख्यालय का मामला होने पर सूचना मिलते ही तत्काल बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और इसके बाद हमलावरों को पीटना शुरू कर दिया।
विज्ञापन


मारपीट में कस्बा चौकी इंचार्ज व एसआई को चोटें आईं। बताया जाता है कि हमलावरों ने दरोगा की रिवाॅल्वर भी छीन ली। हालांकि बाद में उन्हें वापस मिल गई। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज कार्रवाई शुरू कर दी है।

 कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत उसरहा मोहल्ला में चार बदमाशों रामसेवक पुत्र रामकुबेर, बुद्धू पुत्र कालिका, सुरेंद्र पुत्र पूर्णमासी व राजेश पुत्र रामकिशोर को गिरफ्तार करने के लिए रविवार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे करीब कस्बा चौकी इंचार्ज संतोष सिंह बिसेन व कोतवाली के एक अन्य दरोगा अकबाल बहादुर के नेतृत्व में पुलिस टीम पहुंची।
विज्ञापन


स्थानीय लोगों के अनुसार टीम ने दो बदमाश सुरेंद्र व राजेश को गिरफ्तार कर लिया जबकि दो अन्य पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। दोनों बदमाशों को लेकर पुलिस कुछ दूर आगे बढ़ी ही थी कि इसी बीच बदमाशों के परिवार की महिला सदस्य लाठी-डंडा लेकर सामने आ गईं और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।

इसी बीच उनके समर्थन में कुछ पुरुष भी लाठी-डंडा व लोहे का पाइप लेकर पहुंच गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया। जिला मुख्यालय पर दिनदहाड़े हुई घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। बताया जाता है कि हमलावरों ने इस दौरान न सिर्फ कस्बा चौकी इंचार्ज की सोने की चेन छीन ली बल्कि एक दरोगा की सरकारी रिवाॅल्वर भी छीन ली।

इस बीच मौका पाकर पकड़े गए दोनों बदमाश वहां से भाग खड़े हुए। पुलिस टीम पर हुए हमले की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में कोतवाली से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद जो भी सामने आया, उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घरों में घुसकर न सिर्फ महिलाओं बल्कि बच्चों को भी पीटा गया। उधर, लोगों के हमले में कस्बा चौकी इंचार्ज संतोष सिंह के हाथ व गर्दन व दरोगा अकबाल बहादुर के माथे पर चोटें आईं। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल भेजा गया।

कोतवाल महेंद्र कुमार ने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। दो बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद परिवारीजनों व स्थानीय लोगों ने हमलाकर उन्हें छुड़ा लिया। उन्होंने सोने की चेन छीने जाने की बात तो स्वीकार की लेकिन दरोगा की सर्विस रिवाल्वर छीने जाने की बात को महज अफवाह बताया। 

अपर पुलिस अधीक्षक राहुलराज ने बताया कि दो बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम पर हमला कर उन्हें छुड़ा लिया गया। उनके फरार होने तथा पुलिस टीम पर हमला करने का केस दर्ज किया गया है। हमले के दो आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस टीम ने मौके से ही कर ली थी। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द ही सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें