एसटीएफ लखनऊ व वन विभाग की टीम ने मंगलवार को बसखारी थाना क्षेत्र के घुरहूपुर में कछुआ तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने कोलकाता ले जाए जा रहे 485 कछुए बरामद किए, जिनका वजन 3 क्विंटल 36 किलो है। तस्कर गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
लखनऊ एसटीएफ ने पुख्ता सूचना पर मंगलवार को बसखारी के घुरहूपुर गांव में वन विभाग की टीम के साथ छापामारी की। एसटीएफ के एसपी अमित पाठक की अगुवाई में हुई तलाशी के दौरान एक पिकअप में 17 बड़े बैग में भरकर रखे गए 485 कछुए बरामद किए गए।
कछुओं को तस्करी के लिए ले जाने की तैयारी चल रही थी। इनकी कुल मात्रा 3 क्ंिवटल 36 किलो पाई गई। टीम ने मौके से मैजिक वाहन व बाइक बरामद करने के अलावा 10 तस्कर घुरहूपुर निवासी शुभम व हिमांशू वैद्य, बंगाल के हावड़ा निवासी अमृतलाल दास, शानू अधिकारी, 24 परगना बंगाल निवासी हेमेन्द्र प्रसाद, हावड़ा निवासी नरायण कृततोनिए, विनय, विक्की मजूमदार, बसखारी थाने का होमगार्ड दयाराम व नंदू कुंदू को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार सभी कछुआ तस्करों से जिला मुख्यालय में एसटीएफ, जिला पुलिस व वन विभाग के अफसरों ने सघन पूछताछ की। डीएफओ एके शुक्ल ने बताया कि अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि कछुओं को तस्करी के लिए बंगाल ले जाने की तैयारी थी, उससे पहले ही वे गिरफ्तार कर लिए गए।
इस मामले में क्षेत्रीय वन अधिकारी टांडा हरिओम श्रीवास्तव की तरफ से खुद ही वन्य जीव अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। डीएफओ ने बताया कि बरामद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अनुमति मिलते ही कछुओं को नदी में छोड़ दिया जाएगा।