एनआईटी तीन स्थित संतोष अस्पताल में शुक्रवार शाम गर्भवती महिला की चेन झपटने के प्रयास करने वाले वार्डबॉय को एसजीएम नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मालूम हो कि एसजीएम नगर थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने छह माह की गर्भवती पत्नी को खून चढ़वाने के लिए 16 दिसंबर को एनआईटी तीन स्थित संतोष हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था।
18 दिसंबर को रक्त का इंतजाम हो पाया था। दो यूनिट अस्पताल प्रबंधन के हवाले कर युवक थका होने की वजह से पत्नी के पास ही आराम करने लगा था। थोड़ी देर में वार्डबॉय वहां पहुंचा और बेसुध महिला को खून चढ़ाने के बहाने से उसके गले में पड़ी चेन खींचने लगा।
महिला ने शोर मचाया तो पति की आंख खुल गई लेकिन आरोपी फरार हो गया था। सीसीटीवी फुटेज में दंपति ने वार्डबॉय की पहचान कर ली। अस्पताल प्रबंधन ने वार्डबॉय की पहचान मनीश कुमार निवासी इलाहाबाद (यूपी) के रूप में की।
इस पर पुलिस ने सोमवार देर शाम उसे गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।