विजिलेंस टीम की छापेमारी, विद्युत चोरी में 30 पर केस
अंबेडकरनगर। बिजली बिल के बढ़ते बकाए व लाइन लॉस को रोकने के लिए विजिलेंस की टीम ने गुरुवार को समूचे जिले में एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की कार्रवाई की। विभाग की छापेमारी से विद्युत की चोरी करने वाले उपभोक्ताओं व बड़े बकाएदारों में हड़कंप का माहौल दिखा। अकबरपुर कोतवाली समेत विभिन्न थानों में कुल 30 लोगों के विरुद्घ केस दर्ज कराया गया। बिजली अधिकारियों के मुताबिक आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
महरुआ प्रतिनिधि के अनुसार, विजिलेंस टीम के निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने महरुआ थाने में 9 लोगों के विरुद्ध बिजली चोरी में केस दर्ज कराया। निरीक्षक के मुताबिक बीते दिनों हुई छापेमारी में अवैध कनेक्शन के तहत बिजली का उपभोग करने वाले लोगों की केबिल काट दी गई थी। गुरुवार को टीम जब पुन: क्षेत्र में छापेमारी के लिए पहुंची तो गुलाबचंद्र निवासी महरुआ, नूरजहां, गुणाकर मिश्र, दिनेश कुमार सिंह, हृदयराम धुरिया, मस्तराम, जियाराम निवासीगण पतौना, जयप्रकाश जायसवाल व राकेश यादव निवासीगण नरहरपुर दोबारा अवैध तरीके से कनेक्शन जोड़कर बिजली का उपभोग करते पाए गए। टीम ने इन सभी का दोबारा का कनेक्शन काटते हुए विद्युत चोरी में महरुआ थाने में केस दर्ज करा दिया। टीम में अवर अभियंता राजेंद्र कुमार, सिपाही संजीव मिश्र, जेई गयादीन, रमेश व राममिलन शामिल रहे। एसओ राहुल कुमार ने बताया विद्युत चोरी अधिनियम के विरुद्घ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
भीटी प्रतिनिधि के अनुसार, विजिलेंस निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने भीटी थाने में तहरीर देकर 14 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। इसमें मदारभारी निवासी हरिप्रसाद, जनार्दन सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह, जंगली प्रसाद गौड़, महमदपुर रायगंज निवासी उमेश कुमार सिंह, राकेश सिंह, बृजेश सिंह, भूपेंद्र प्रताप सिंह, उमापति, माताप्रसाद, रामदयाल गुप्त तथा काही निवासी विजय तिवारी व रामकुमार तिवारी शामिल हैं। टीम ने इन लोगों के विरुद्ध भीटी थाने में विद्युत चोरी में केस पंजीकृत कराया है। अकबरपुर अधिशाषी अभियंता वीके पटेल ने बताया कि अकबरपुर कोतवाली में शांतीनगर व गौहन्ना के 7 लोगों के विरुद्घ विद्युत चोरी में केस दर्ज कराया गया है।