गन्ना लदी ट्रक से क्षतिग्रस्त हुए तीन विद्युत खंभे, कई जगह टूटे तार
अंबेडकरनगर। गन्ना लदी तेज रफ्तार ट्रक ने मंगलवार देर रात जिला मुख्यालय के अकबरपुर फैजाबाद मार्ग पर तीन विद्युत खंभों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे कई स्थानों पर विद्युत तार टूटकर गिर पड़ा। नतीजा यह रहा कि संबंधित क्षेत्र की लगभग 20 हजार की आबादी की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बुधवार अपराह्न तक गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी थी। इससे एक तरफ जहां विद्युत चालिक उपकरण का लाभ लोगों को नहीं मिल सका, वहीं सबसे अधिक समस्या पेयजल को लेकर हुई।
गन्ना लदी ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली एक तरफ जहां जामा का सबब बन रहे, वहीं इससे आए दिन विद्युत खंभे व तार भी क्षतिग्रस्त हो रहे। इसका खामियाजा जहां जाम में फंसकर आमजन को उठाना पड़ रहा, वहीं विद्युत खंभे व तार के क्षतिग्रस्त होने से उपभोक्ताओं के समक्ष भी मुश्किलें खड़ी हो रही हैं। मंगलवार देर रात जिला मुख्यालय पर ऐसे ही गन्ना लदे अनियंत्रित ट्रक ने तीन विद्युत खंभों को क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी के अनुसार अकबरपुर फैजाबाद मुख्य मार्ग पर तमसा मार्ग के निकट ट्रक ने तीन खंभों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके चलते कई स्थानों पर विद्युत तार टूटकर गिर पड़ा। नतीजा यह रहा कि संबंधित की लगभग 20 हजार की आबादी की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
पहले तो उपभोक्ताओं ने इसे महज कटौती समझा, लेकिन बाद में पता चला कि न सिर्फ विद्युत खंभा क्षतिग्रस्त है, बल्कि कई स्थानों पर तार भी टूट गया है। विद्युत आपूर्ति ठप होने से बुधवार सुबह सबसे अधिक समस्या पेयजल को लेकर उत्पन्न हुई। टुल्लूपंप न चलने से लोगों को एक एक बाल्टी पानी के लिए इधर उधर भटकने को मजबूर होना पड़ा। पेयजल समस्या ने नौकरी पेशा व दुकानदारों की दिनचर्या पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाला। बुधवार अपराह्न तक गड़बड़ी दूर कर विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी थी। इसके चलते विद्युत चालित उपकरण महज दिखावा बनकर रह गए। आटा चक्की के साथ साथ अन्य लघुउद्योग भी प्रभावित हुए।
उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी
अकबरपुर नगर के मीरानपुर निवासी दीप कुमार ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि गन्ना लदे ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली को नगर के अंदर से गुजारने की बजाए वैकल्पिक मार्गों से चीनी मिल तक भेजना चाहिए। नगर के अंदर से गुजरने के चलते अक्सर विद्युत खंभे व तार क्षतिग्रस्त होते हैं। अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशासन को इसे लेकर गंभीरता दिखानी चाहिए। विद्युत खंभा व तार क्षतिग्रस्त होने का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है। शहाब परवेज ने कहा कि जब तक गन्ना लदे ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली को नगर के अंदर से गुजारने का सिलसिला नहीं थमता, तब तक ऐसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लग सकेगा।
ठीक कराई जा रही गड़बड़ी
किसी वाहन से एक विद्युत खंभा क्षतिग्रस्त हुआ था। इससे संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। गड़बड़ी को दूर कराया जा रहा है। -एके यादव, अधिशाषी अभियंता विद्युत