टांडा (अंबेडकरनगर)। रंजिश को लेकर नगर के कश्मीरिया मोहल्ले में सोमवार देर रात तीन सगे भाइयों को मारपीट कर 22 हजार रुपये छीन लेने का मामला प्रकाश में आया है। हमलावरों ने दो बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्घ केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली में दी तहरीर में मीरानपुरा मोहल्ला निवासी विशाल साहू ने बताया कि वह अपने भाई नितेश व हिमांशू के साथ व्यवसाय के सिलसिले में सोमवार रात करीब आठ बजे दो बाइकों से अरखापुर निवासी दुर्गेश वर्मा की कपड़े की दुकान पर जा रहा था। इसी दौरान कश्मीरिया चौराहे के पास मनोज कुमार, किशन चौहान, मुन्ना चौहान, सत्यनरायण, पतिराम, सुनील, भीमसेन, ध्रुव कुमार आदि ने एकजुट होकर उन लोगों को जमकर पीटा। इससे तीनों भाई घायल हो गए।
बताया कि आरोपी एक मामले को लेकर उसके परिवार से रंजिश रखते हैं, जिसके चलते उन लोगों ने उन तीनों भाइयों की न सिर्फ पिटाई की, बल्कि 22 हजार रुपऐ छीन लिए और दोनों बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दीं। कोतवाल रामलखन पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्घ केस दर्ज कर लिया गया है। घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है।