आलापुर (अंबेडकरनगर)। प्रस्तावित करमैनी न्यौरी राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण से रामनगर बाजार की दुकानों पर टूटने का खतरा अब दूर होने की उम्मीद है। संतकबीरनगर सांसद शरद त्रिपाठी के पत्र पर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री ने अमल करते हुए संबंधित विभाग को रामनगर बाजार में बाईपास निर्माण के लिए पत्र प्रेषित कर दिया है। परिवहनमंत्री की इस पहल से रामनगर बाजार की दुकानें टूटने से बच जाएंगी। यदि ऐसा न होता तो बाजार की लगभग ढाई हजार की आबादी प्रभावित होती, और दुकानदारों को करोड़ों रुपये का नुकसान हो जाता।
संतकबीरनगर जिले के करमैनी से एनएच निर्माण प्रस्तावित है। न्यौरी एनएच मार्ग से इसे जोड़ने के लिए रामनगर बाजार से होकर गुजारने की कवायद चल रही थी। बताया जा रहा था कि प्रस्तावित करमैनी एनएच रामनगर बाजार से होकर गुजरेगी। ऐसा होने से रामनगर बाजार के अधिकांश व्यापारियों की दुकानें नष्ट हो जाती। इससे न सिर्फ लगभग ढाई हजार की आबादी प्रभावित होती, बल्कि करोड़ों की बनीं इमारतें भी ध्वस्त करनी पड़ती। यह खबर जब बाजारवासियों को मिली तो उनमें बेचैनी छा गयी। बाजारवासियों ने इससे निपटने के लिए निदान ढूंढना शुरू किया। बीते दिनों भाजपा मंडल अध्यक्ष रामनगर आनंद जायसवाल के माध्यम से संतकबीरनगर सांसद को ज्ञापन सौंपा। इसमें रामनगर बाजार को बचाए जाने के लिए बाजार के बाहर से बाईपास बनवाए जाने की मांग की। कहा कि यदि ऐसा न हुआ तो रामनगर बाजार पूरी तरह चौपट हो जाएगी।
बाजारवासियों की मांग पर सांसद शरद त्रिपाठी ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया। सांसद की इस मांग पर सड़क परिवहन मंत्री ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर इस मामले में दिशा निर्देश दिया है। संबंधित कार्यवाई का पत्र केंद्रीय मंत्री ने सांसद को भी प्रेषित किया है। केन्द्रीय मंत्री की इस पहल से बाजारवासियों में खुशी का माहौल है। बाजार निवासी त्रिवेंद्रम जायसवाल, राजू जायसवाल, श्यामसुंदर, मनोज जायसवाल, दीपक जायसवाल, विजय शुक्ल, आशीर्वाद जायसवाल, मदन चंद्र, मंतराम यादव, जगदीश जायसवाल व अखिलेश मद्घेशिया ने मंत्री के इस पहल को सराहनीय बताया। कहा कि यदि ऐसा न होता तो रामनगर बाजार खत्म हो जाती। व्यापारियों को करोड़ों का नुकसान भी पहुंचता।