अंबेडकरनगर। आलापुर पुलिस ने शनिवार देर रात अंतरजनपदीय ऑटो लिफ्टर गैंग का पर्दाफाश कर चार आटो लिफ्टरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की चार बाइक भी बरामद की है।
एसपी विपिन कुमार मिश्र के निर्देश पर शनिवार देर रात आलापुर पुलिस ने निरीक्षक अशोक कुमार सरोज के नेतृत्व में सघन जांच अभियान चलाया। आजमगढ़ सीमा पर त्रिमुहानी के निकट चार बदमाश संदिग्ध दशा में दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही उन्होंने भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की चार बाइक बरामद की गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनोज कुमार व संजय निवासी बडकी पंडौली थाना राजेसुल्तानपुर, शाहिद निवासी सिकंदरपुर महराजगंज आजमगढ़ व गंगाराम निवासी पीपरी थाना कप्तानगंज आजमगढ़ के रूप में हुई। बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि वे अंबेडकरनगर, आजमगढ़ समेत आसपास के कई जनपदों से बाइक चोरी करते थे। भीड़भाड़ व व्यस्त स्थान से बाइक उड़ाते और प्लेट नंबर व चेचिस नंबर को रगड़कर उसके स्थान पर फर्जी नंबर डाल देते थे। इनके विरुद्ध आजमगढ़ जनपद के दोहरीघाट थाने में भी विभिन्न धाराओं में केस दर्ज है।