जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र में सिंहपुर गांव के पास बेखौफ बदमाशों ने रविवार देर शाम ड्यूटी से घर लौट रहे होमगार्ड पर फायर झोंक दिया। गोली उसके पीठ में बाएं तरफ धंसी। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। जब तक इर्दगिर्द के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचते, तब तक हमलावर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग खड़े हुए। गंभीरावस्था में घरवालों ने उसे सीएचसी जहांगीरगंज में भर्ती कराया, यहां हालत की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर एसओ जहांगीरगंज पुलिस टीम के साथ पहले अस्पताल, फिर गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। साथ ही परिवारीजनों व ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है। घटना के पीछे का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है।
जहांगीरगंज थाना अंतर्गत सिंहपुर निवासी दूधनाथ दुबे (53) पुत्र रामनयन जहांगीरगंज थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात है। प्रतिदिन की तरह रविवार देर शाम ड्यूटी के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के पास घात लगाए बैठे बाइक सवार तीन बदमाशों ने रुकने का इशारा किया। उनके न रुकने पर एक ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली उसकी पीठ के बाएं तरफ जा धंसी। गोली लगते ही दूधनाथ गिर पड़ा। गोली की आवाज से गांव में हड़कंप मच गया। इर्दगिर्द के ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। इस बीच अंधेरे का लाभ उठाकर बदमाश मौके से भाग निकले। गंभीरावस्था में आनन-फानन में घरवाले उसे लेकर सीएचसी जहांगीरगंज पहुंचे। यहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर एसओ जहांगीरगंज बीडी तिवारी दलबल के साथ अस्पताल पहुंच गए। वहां घायल होमगार्ड ने बताया कि भूमि विवाद में उसके ऊपर यह हमला किया गया है। एसओ ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। तहरीर के आधार पर बाद में केस दर्ज किया जाएगा।