महरुआ (अंबेडकरनगर)। तीन दिन पूर्व घर से अकबरपुर के लिए निकले सुजीत (21) का शव सोमवार सुबह गन्ने के खेत में पड़ा मिला। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। किसी भारी वस्तु से सुजीत का सिर कुचला गया था। मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कोतवाल अकबरपुर का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुजीत के गुमशुदगी की रिपोर्ट पूर्व में दर्ज है। पीएम रिपोर्ट आने पर एफआईआर में हत्या कर साक्ष्य मिटाने की धाराएं बढ़ाई जाएंगी। घटना से परिवारीजनों में रोना पीटना मचा है।
अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत पीठापुर सरैया गांव निवासी सुजीत पुत्र रामलाल गत शनिवार को अकबरपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था। जब देर शाम तक वह वापस घर नहीं लौटा, तो घरवालों को उसकी चिंता सताने लगी। पिता ने उसके मोबाइल पर फोन किया, तो सुजीत ने बताया कि वह श्रवण क्षेत्र पहुंच गया है, कुछ देर में ही घर आ जाएगा। हालांकि वह घर नहीं पहुंचा। काफी देर बाद भी घर न पहुंचने पर परिवारीजनों ने उसकी तलाशी शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर अकबरपुर कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। इस बीच सोमवार सुबह अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत खरगपुर गांव के कुछ ग्रामीण गांव के बाहर स्थित एक गन्ने के खेत की तरफ गए, वहां से दुर्गंध आ रही थी। खेत के अंदर गए, तो वहां का दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए। एक युवक का शव वहां पड़ा हुआ था। उसका सिर किसी भारी सामान से कुचला हुआ था। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इसी बीच उसके परिवारीजन भी वहां पहुंच गए। उन्होंने उसे पहचान लिया। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल बृजेश तिवारी ने बताया कि युवक की हत्या की गई है। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी। अब उसे हत्या की धाराओं में बदला जा रहा है। बताया कि हत्या के कारण की जानकारी नहीं हो सकी है। छानबीन की जा रही है।