जलालपुर (अंबेडकरनगर)। ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने के बाद टूटे तार से पानी में उतरे करंट की चपेट में आकर खेत में काम कर रहे युवक की मौत हो गई। घटना जलालपुर थाना अंतर्गत बड़ागांव ग्राम पंचायत के चौबे का पूरा की है। उधर ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने से गांव के लगभग दो दर्जन घरों के विद्युतचालित उपकरण जल गए। इससे लगभग दो लाख की संपत्ति को नुकसान हुआ। इस बीच विद्युत बोर्ड से ग्रिप निकालने के दौरान एक अन्य युवक करंट की चपेट में आकर झुलस गया। उसका इलाज सीएचसी जलालपुर में चल रहा है। इन घटनाओं से गांव में घंटों अफरा तफरी का माहौल रहा।
बुधवार अपराह्न हुई बारिश के दौरान खेत की रोपाई के लिए चौबे का पूरा गांव के कई किसान खेत पहुंच गए। गांव निवासी संजय (40) पुत्र लालता भी खेत में पानी एकत्र करने के लिए मेड़ बनाने में जुट गया। इसी बीच तेज चमक के साथ ही बिजली गांव के बाहर स्थित ट्रांसफार्मर पर गिर पड़ी। इससे ट्रांसफार्मर जहां धू-धूकर जल उठा, वहीं तार टूटकर गिर पड़े। एक तार संजय के खेत में भी गिर गया। खेत में पानी होने के चलते चारों तरफ करंट फैल गया। इससे संजय उसकी चपेट में आ गया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आननफानन पावर कॉर्पोरेशन कर्मियों को घटना की सूचना दी गई। आपूर्ति बंद होने के बाद ग्रामीण खेत की तरफ दौड़ पड़े। यहां संजय खेत में पड़ा हुआ था। उसे नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस बीच जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। कोतवाली प्रभारी नीरज सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र बाहर रहते हैं। उन्हें जानकारी दे दी गई है। यदि वे चाहेंगे, तो शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
उधर ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने से एक तरफ जहां ट्रांसफार्मर धू-धूकर जल उठा, वहीं मजरे के लगभग दो दर्जन घरों में भी न सिर्फ बोर्ड, बल्कि विद्युतचालित उपकरण जल गए। किसी की टीवी जली, तो किसी की फ्रिज। किसी का पंखा का जला, तो किसी का कूलर। इससे लगभग दो लाख की संपत्ति को नुकसान हुआ। बताया जाता है कि विद्युतचालित उपकरणों को जलता देख घर की विद्युत आपूर्ति ठप करने के लिए बोर्ड से जैसे ही गांव निवासी बब्लू (25) पुत्र रामसूरत ने ग्रिप निकालना चाहा, तो वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गया। घरवालों ने उसे सीएचसी जलालपुर में भर्ती कराया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।