बसखारी (अंबेडकरनगर)। आलापुर थाना क्षेत्र में साइकिल से विद्यालय जा रही छात्रा को मैजिक वाहन ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उधर बसखारी थाना क्षेत्र में एक महिला की बाइक से गिरने से मौत हो गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटना के बाद पुलिस ने शव को अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से संबंधित परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार आलापुर थाना अन्तर्गत ख्वाजा बड़ेपुर गांव निवासिनी साजन (15) पुत्री सुरेश सोमवार सुबह साइकिल से इंदईपुर स्थित एक विद्यालय में पढ़ने जा रही थी। वह कक्षा नौ की छात्रा थी। बताया जाता है कि जब वह लंगड़ी बाग के निकट पहुंची, तो इसी बीच पीछे से आ रहे मैजिक वाहन ने उसे रौंद दिया। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। जब तक इर्दगिर्द मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचते, तब तक चालक वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ। परिवारीजनों ने सांस चलने की उम्मीद में उसे सीएचसी बसखारी में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर अकबरपुर थाना अन्तर्गत मुबारकपुर डइयाडीह गांव निवासिनी सत्यवती (48) पत्नी रामसम्वार सोमवार पूर्वाह्न अपने भतीजे मदनलाल के साथ बाइक से बसखारी थाना अन्तर्गत मसड़ा मोहनपुर गांव स्थित अपनी बहन के घर के जा रही थी। बताया जाता है कि जब वह मसड़ा बाजार के निकट पहुंचे, तो इसी बीच सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बचने के लिए बाइक अनियंत्रित हो गई। झटका लगने से सत्यवती बाइक से सड़क पर गिर पड़ी। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गई। आननफानन में उसे सीएचसी बसखारी ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बसखारी थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।