अंबेडकरनगर। भीटी थाना अन्तर्गत बेला गांव में एक किशोरी की बुधवार देर शाम स्टोव पर खाना बनाने के दौरान लगी आग से झुलसकर मौत हो गई। उधर अहिरौली थाना अंतर्गत अशरफपुर बरवां निवासिनी एक किशोरी भी खाना बनाने के दौरान लगी से झुलस गई। जिला अस्पताल में इलाज के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर करना पड़ा।
परिवारीजनों के अनुसार भीटी थाना अंतर्गत बेला निवासी मनीराम की (15) वर्षीय पुत्री मालती बुधवार देर शाम स्टोव पर खाना बना रही थी। इसी बीच निकली लपटों से उसके कपड़े में आग लग गई। उसकी चीख पर घरवाले दौड़े। जब तक आग बुझाई जाती, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। परिवार के लोग वाहन से उसे लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर अहिरौली थाना अन्तर्गत अशरफपुर बरवां निवासिनी लक्ष्मी (16) पुत्री अज्ञाराम बुधवार देर शाम चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी बीच निकली चिंगारी से उसके कपड़े में आग लग गई। जब तक आग बुझाया जाता, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। आननफानन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। दोनों घटनाओं से संबंधित परिवारों में चीख पुकार की स्थिति है।