अंबेडकरनगर। वैवाहिक आयोजन में भाग लेकर चार पहिया वाहन से घर लौट रहे वरिष्ठ सपा नेता व पूर्व विधायक आलापुर भीमप्रसाद गुरुवार देर रात मार्ग दुर्घटना में घायल हो गए। उन्हें जहांगीरगंज बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। उधर, अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां एक की हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
आलापुर के पूर्व विधायक भीमप्रसाद सोनकर गुरुवार देर रात अकबरपुर से चार पहिया वाहन से घर राजेसुल्तानपुर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जब वह नरियांव बावली चौक के निकट पहुंचे, तो इसी बीच सामने से आ रही जीप ने उनके वाहन को टक्कर मार दिया। इससे आगे बैठे विधायक को चोटें आईं। टक्कर की आवाज सुनकर जब तक आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचते, तब तक दूसरे वाहन का चालक अंधेरे का लाभ उठाकर वाहन छोड़कर भाग खड़ा हुआ। पूर्व विधायक के चोटहिल होने की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्हें तत्काल बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। एसओ बेचूसिंह यादव ने बताया कि दोनों वाहनों को थाने ले आया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पूर्व विधायक को मामूली चोट आई थीं।
मार्ग दुर्घटनाओं में चार घायल, एक ट्रॉमा रेफर
अन्य मार्ग दुुर्घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार अकबरपुर थाना अंतर्गत विजयगांव निवासी हिमांशु (22) पुत्र सभाजीत गुरुवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय गांव के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी थाना अन्तर्गत हाजीपुर गांव निवासी संतोष (18) पुत्र सोभई गुरुवार देर शाम उस समय ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया, जब वह बाइक से अकबरपुर से घर जा रहा था। गांव के निकट हुई घटना के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अकबरपुर थाना अन्तर्गत पलई फरीदपुर गांव निवासी छोटेलाल (45) पुत्र दुर्बली शुक्रवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आजमगढ़ जनपद के महाराजगंज निवासी संतोष (27) पुत्र राजेंद्र गुरुवार देर शाम बसखारी बाजार में सड़क पार करने के दौरान जीप की चपेट में आ गया। गंभीरावस्था में सीएचसी बसखारी में इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।