अंबेडकरनगर। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली चाय व साइकिल की दुकान में घुस गई। इससे चपेट में आकर दो दुकानदार घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां एक की हालत गंभीर होने पर एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अकबरपुर थाना अंतर्गत इल्तिफातगंज रोड पर रविवार पूर्वाह्न अकबरपुर से इल्तिफातगंज की तरफ जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क के किनारे स्थित एक चाय व एक साइकिल की छप्परनुमा दुकान में घुस गई। इससे उसकी चपेट में आकर साइकिल दुकानदार रामकुदिन (50) व चाय दुकानदार चिंताराम राजभर (45) घायल हो गए। जब तक लोग घटनास्थल पर पहुुंचते, तब तक चालक वाहन छोड़कर भाग खड़ा हुआ। अस्पताल में चिंताराम की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, अकबरपुर थाना अंतर्गत लोदीपुर सुल्तानपुर निवासी अरविंद (30) शनिवार देर शाम उस समय जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया, जब वह बाइक से अकबरपुर से घर जा रहा था। इसी क्रम में अकबरपुर थाना अंतर्गत लोरपुर निवासिनी सरिता (32) पत्नी राकेश कुमार रविवार सुबह घर के निकट सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई। उधर, आलापुर थाना अंतर्गत रामनगर निवासी संतोष (31) पुत्र संतराम शनिवार देर शाम बाइक से आलापुर से घर जाते समय गांव के पास पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।