जलालपुर (अंबेडकरनगर)। बैंक से रुपये निकालकर साइकिल से घर जा रहे किसान से बाइक सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर 20 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। बाद में पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
घटना मालीपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार मालीपुर थाना अंतर्गत बीबीपुर भुसौली निवासी किसान रामजनम वर्मा पुत्र रामसुंदर गुरुवार अपराह्न मालीपुर बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक पहुंचा। यहां से विड्राल फॉर्म भरकर 20 हजार रुपये निकाले और साइकिल से घर जाने लगा। बताया जाता है कि जब वह धवरुआ बाजार के निकट पहुंचा, इसी बीच पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, एक बदमाश ने उसे रोक लिया और कनपटी पर कट्टा लगा दिया। इसके बाद उसकी जेब में रखा 20 हजार रुपये निकाल लिया। पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग खड़े हुए।
दिनदहाड़े हुई घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ विश्वनाथ यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है।