साधु व पुजारिन पर फेंका तेजाब, दोनों गंभीर
महरुआ। खड़हरा गांव स्थित कुटी एवं मंदिर की पुजारिन पर शनिवार देर रात एक युवक ने तेजाब फेंक दिया। इसके बाद वहां से भाग रहे युवक को पकड़ने के लिए एक साधु ने दौड़ाया तो उस पर भी आरोपी ने तेजाब से हमला कर दिया।
इस घटना में पुजारिन के साथ साधु गंभीर रूप से झुलस गया। गुहार पर जब तक ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचते, तब तक युवक अंधेरे का लाभ उठाते हुए भाग खड़ा हुआ। आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। ग्रामीणों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। घटना के पीछे कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, हालांकि कुटी की संपत्ति का विवाद होने की चर्चा है।
खड़हरा गांव में बाबा रामनयन की कुटी है। यहां न सिर्फ उनकी समाधि है, बल्कि कुटी से सटी दुर्गा मंदिर भी है। कुटी व मंदिर की देखभाल का कार्य लंबे समय से महरआ थाना अंतर्गत लोहरा बरामदपुर निवासिनी तारा उर्फ शिवदासी 30 पुत्र तुलसीराम कर रही है। लगभग चार दिन पहले सुल्तानपुर जनपद के जयसिंहपुर थाना अंतर्गत सहिनवा कुटी के बाबा रामकलप दास (50) वर्ष भी कुटी आए हुए थे।
शनिवार देर शाम रामकलप अपने दो सहयोगियों के साथ कुटी के सामने स्थित छप्परनुमा घर में सो रहे थे। इसी बीच देर रात एक युवक कुटी पर पहुंचा और शिवदासी से कहासुनी करने लगा। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। शिवदासी ने गुहार मचाया, तो युवक ने साथ लाया तेजाब उसके मुंह पर फेंक दिया और बाहर की तरफ भागा। चीख पुकार पर रामकलप की आंख खुल गई और वह बाहर निकले।
भाग रहे हमलावर को पकड़ने का प्रयास किया, तो उन पर भी तेजाब से हमला कर दिया। इसके बाद अंधेरे का लाभ उठाकर वह भाग खड़ा हुआ। उधर, तेजाब हमले से न सिर्फ रामकलप, बल्कि शिवदासी गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां शिवदासी की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर करने की तैयारी चल रही थी कि इसी बीच अरिया बाजार निवासी एक वरिष्ठ चिकित्सक दोनों को अपने निजी अस्पताल लेकर चले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी होने पर महरुआ थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही ग्रामीणों से आवश्यक पूछताछ की। एसओ ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। उधर ग्रामीणों का कहना है कि घटना कुटी की संपत्ति पर कब्जे को लेकर अंजाम दिया गया है, लेकिन पुलिस के अनुसार घटना का कोई स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है। तहरीर पड़ने के बाद ही स्थिति साफ होगी।