फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शौच को जा रहे युवक को कुतों ने नोंच नोंच कर मार डाला

विज्ञापन
विज्ञापन
यूपी-100 सेवा के एक सिपाही भी आया आवारा कुत्तों की चपेट में
विज्ञापन

जलालपुर/मालीपुर (अंबेडकरनगर)। घर से नित्यक्रिया के लिए निकले एक युवक को कुत्तों ने बुधवार भोर में मालीपुर बाजार के निकट नोंच-नोंचकर मार डाला। इससे पहले इसी क्षेत्र में कुत्तों ने यूपी-100 सेवा के एक सिपाही को दौड़ाकर जमीन पर गिरा दिया और उस पर टूट पड़े थे।

पुलिस जीप पर मौजूद अन्य सिपाहियों ने दौड़कर किसी तरह साथी सिपाही की जान बचाई। घटना के बाद सिपाही व युवक को नगपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि सिपाही को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना से मालीपुर बाजार व आसपास क्षेत्र के लोगों में खौफ का माहौल है।
विज्ञापन


मालीपुर चौराहा निकट निवासी मोनू सोनी (20) पुत्र चंद्रदेव बुधवार भोर साढ़े चार बजे करीब नित्यक्रिया के लिए घर से निकला। बताया जाता है कि जब वह अकबरपुर रोड की तरफ घर से बमुश्किल 300 मीटर दूर आगे बढ़ा था कि इसी बीच वहां मौजूद 8-10 कुत्तों ने उस पर हमला बोल दिया।

जान बचाने के लिए मोेनू भागा, लेकिन आक्रामक हुए कुत्तों ने पीछा छोड़ने की बजाए उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद उसको नोचना शुरू कर दिया। युवक ने जान बचाने के लिए गुहार मचाई, तो आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।

वहां खौफनाक दृश्य देख सभी सन्न रह गए। स्थानीय लोगों ने किसी प्रकार कुत्तों को मारकर भगाया, लेकिन तब तक युवक बेसुध हो चुका था। आननफानन में उसे सीएचसी नगपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिवारीजनों को सौंप दिया। एसओ मालीपुर मनबोध तिवारी ने बताया कि परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया था। इस पर पंचनामा कर शव उन्हें सौंप दिया गया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।

उधर, इस घटना से लगभग एक घंटा पहले रात्रि 3 बजे घटनास्थल से लगभग 200 मीटर पहले मालीपुर चौराहे पर यूपी-100 सेवा के एक सिपाही पर भी कुत्तों ने हमला बोल दिया था। बताते हैं कि सिपाही ओमप्रकाश (35) लघुशंका के लिए वाहन से उतरा। कुछ दूर आगे बढ़ा ही था कि इसी बीच कुत्तों ने उसे अचानक घेर लिया।

सिपाही जान बचाकर भागा, लेकिन कुत्तों ने उसे जमीन पर गिरा दिया और नोंचना शुरू कर दिया। चीख-पुकार पर वाहन से अन्य सिपाही दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर साथी सिपाही की जान बचाई। घायल सिपाही को पुलिस जीप से ही पहले सीएचसी नगपुर ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घर में नहीं है शौचालय
एक तरफ जहां स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत खुले में शौच रोकने के लिए वृहद अभियान चलाया जा रहा है, वहीं अभी भी तमाम ऐसे पात्र हैं, जिनके घर में शौचालय का निर्माण ही नहीं हुआ है। इनमें से मोनू भी शामिल था। मृतक के पिता चंद्रदेव ने कहा कि उनके घर में शौचालय नहीं है। इसके चलते ही परिवार के सदस्यों को शौच के लिए घर से बाहर जाना पड़ता है।

वन विभाग को दी गई सूचना
मालीपुर चौराहे व उसके निकट हुई दो घटना के बाद मामले की सूचना वन विभाग को भी दी गई है। दरअसल दोनों घटनाओं को लेकर आसपास के लोगों में खौफ का माहौल देखने को मिल रहा है। लोगों के बीच से डर समाप्त करने के लिए ही पुलिस प्रशासन ने वन विभाग को प्रकरण से सूचित कर दिया है। एसओ ने बताया कि वन दरोगा को घटना की जानकारी दे दी गई है।

झुंड में चलने वाले कुत्तों से होती मुश्किल
अकबरपुर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एमके वर्मा ने बताया कि शहर हो या गांव, जब भी कुत्ते झुंड बनाकर चलते हैं, तो वे ज्यादा आक्रामक हो जाते हैं। झुंड के चलते ही वे बकरियों आदि पर हमला कर देते हैं। उन्हें मार भी डालते हैं।
विज्ञापन


इसी के बाद वे इंसानों पर भी हमला करने लगते हैं। ऐसी घटनाओं से बचने के लिए जरूरी है कि कुत्तों को झुंड से अलग किया जाए। ऐसा न किए जाने पर संबंधित झुंड से आगे भी हमले की संभावना बनी रहेगी। गर्मी के चलते भी झुंड में रहने वाले कुत्तों की आक्रामकता बढ़ जाती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें