आलापुर। आलापुर विधानसभा क्षेत्र के लखमीपुर गांव में गत दिवस भीम आर्मी नेता सुनील कुमार आजाद के घर आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान कोविड गाइड लाइन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने भीम आर्मी नेता निखिल राव व सुनील कुमार आजाद के अलावा 300 अज्ञात महिलाओं व पुरुषों के विरुद्घ केस दर्ज किया है। बीते दिनों लखमीपुर गांव निवासी भीम आर्मी नेता सुनील कुमार आजाद के घर एक निजी कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें आर्मी चीफ चंद्रशेखर रावण ने भी हिस्सा लिया था।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिला व पुरुष भीम आर्मी प्रमुख को सुनने एकत्रित हुए थे। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान वहां उपस्थित अधिकांश लोगों ने न तो गाइड लाइन का पालन किया और न ही कराया गया। यह पूरी तरह से गैर जिम्मेदाराना रवैये को दर्शाता है। पुलिस ने गाइड लाइन उल्लंघन में भीम आर्मी के नेता निखिल राव व सुनील कुमार आजाद के अलावा 300 अज्ञात महिला व पुरुष के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।