जलालपुर। आभूषण खरीदने आई दो महिलाओं ने सराफा व्यवसायी को करीब 60 हजार रुपए का चूना लगा फरार हो गईं। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों महिलाओं का कुछ पता नहीं चल सका। हालांकि बगल में लगे सीसीटीवी कैमरे का जब फुटेज चेक किया गया तो दोनों महिलाएं एक युवक के साथ बाइक पर सवार होकर जाते दिख रही हैं। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगर स्थित बैंक आफ बड़ौदा शाखा के निकट सतीश साहू ने साहू ज्वेलर्स के नाम से दुकान कर रखा है। व्यापारी के अनुसार बुधवार करीब 12 बजे वह दुकान पर बैठा था। इसी बीच दो महिलाएं दुकान पर पहुंची और आभूषण दिखाने को कहा। व्यापारी ने दोनों को कुछ आभूषण दिखाए। डिजाइन पसंद न आने का हवाला देते हुए दोनों महिलाओं ने अन्य डिजाइन के आभूषण दिखाने की गुजारिश की। इस पर व्यापारी ने पत्नी को दुकान पर बिठा दिया और अंदर आभूषण लेने चला गया।
इस बीच व्यापारी की पत्नी की निगाह हटते ही दोनों ने मौका पाकर करीब 60 हजार रुपए कीमत के सोने के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद सामान पसंद न आने का हवाला देकर वहां से चली गईं। इस बीच जब व्यापारी आभूषण लेकर दुकान पर पहुंचा तो दोनों महिलाएं मौके से गायब मिलीं। पत्नी से जब दोनों के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि दोनों को डिजाइन पंसद नहीं आया इसलिए वे चली गईं। शक होने पर व्यापारी ने आभूषणों का मिलान किया तो उसमें से कान का बुंदा, सुई धागा समेत करीब 60 हजार रुपए के सोने के सामान गायब मिले। इस पर व्यापारी सन्न रह गया।
बाद में इर्द गिर्द दुकान के बाहर के लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को चेक किया गया तो उसमें दोनों एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर जाती दिखीं। व्यावसाई आननफानन में कोतवाली पहुंचा और तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की। कोतवाली मनीष कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन की जा रही है।