जलालपुर। कोतवाली अंतर्गत नंदापुर गांव के निकट पुलिस से हुई मुठभेड़ में फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है। मुठभेड़ में गोली लगने से घायल एक बदमाश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा, जबकि बदमाश की गोली से घायल सिपाही का इलाज सीएचसी नगपुर में चल रहा है। पकड़े गए बदमाश के पास से चोरी की बाइक व तमंचा बरामद हुआ था।
एक दिन पहले शनिवार रात जलालपुर बसखारी मार्ग स्थित नंदापुर गांव के निकट जलालपुर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चला रखा। इसी दौरान एक बाइक से आ रहे दो बदमाशों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे।
जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, तो एक बदमाश के दाहिने पैर पर गोली लगी, जबकि बदमाश की गोली से एक सिपाही सुनील यादव के दाहिने पैर में लगी। गोली लगने से घायल बदमाश की पहचान मोहम्मद अहमद निवासी फरिहां थाना निजामाबाद जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई थी।
उसके पास से चोरी की बाइक, एक अदद तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ था। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल, जबकि सिपाही को सीएचसी नगपुर में भर्ती कराया था। मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर दूसरा बदमाश अंसार भाग निकलने में सफल रहा था।
इस बीच फरार बदमाश की धरपकड़ के लिए पुलिस ने रात में ही संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश की जा रही है। दोनों के विरुद्ध धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।